ARCHIVES
VOL. 8, ISSUE 3 (2026)
सम्मान और पहचान की तलाश: पोस्ट बॉक्स नं. 203 नाला सोपारा
Authors
चित्रा मुद्गल, वंदना रमेश गुप्ता
Abstract
हिंदी साहित्य अपने उद्भव काल से ही समाज के यथार्थ, संघर्ष और विविधताओं का सशक्त दर्पण रहा है। इसने समय-समय पर बदलते सामाजिक परिदृश्यों को शब्दों में ढालकर न केवल अनुभवों को संरक्षित किया है बल्कि पाठकों को विचार करने के लिए भी प्रेरित किया है। स्वतंत्रता के बाद हिंदी साहित्य ने आधुनिकता, स्त्री-विमर्श, दलित-विमर्श, आदिवासी विमर्श और मुस्लिम विमर्श जैसे नए विमर्शों को स्वर देकर सामाजिक चेतना को और गहन बनाया। साहित्य का एक प्रमुख कार्य सदैव उपेक्षित और हाशिए पर पड़े जनसमुदायों को वाणी देना रहा है। इन्हीं विमर्शों में एक ऐसा समुदाय है, जो सदियों से उपेक्षा और भेदभाव की मार झेल रहा है – तृतीयपंथी अथवा किन्नर समुदाय। भारतीय समाज में किन्नरों की स्थिति आज भी चुनौतीपूर्ण है। स्त्री और पुरुष को सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक मान्यता मिली है, किंतु तृतीयपंथी समुदाय को अब तक समान दर्जा नहीं मिल सका है। आधार कार्ड में उनकी पहचान दर्ज होना हाल के वर्षों की उपलब्धि है, जो दशकों की सामाजिक और सरकारी उपेक्षा का प्रमाण है। उनके जीवन का बड़ा हिस्सा सामाजिक अस्वीकृति, तिरस्कार और अलगाव में बीतता है। आज भी सड़कों पर जब मैं उन्हें बिन मांगे दुआ देते हुए देखती हूँ, तो मुझे यह एहसास होता है कि किस प्रकार सामाजिक अस्वीकृति ने उनकी जीवनशैली को प्रभावित किया है, जहाँ उन्हें अपना पेट भरने के लिए अपनी साड़ी का पल्लू फैलाना पड़ता है। धार्मिक त्योहारों और निजी उत्सवों में भी, जहां उनकी उपस्थिति को शुभ माना जाता है, मैंने कई बार उन्हें लोगों द्वारा अपमानित और प्रताड़ित होते हुए देखा है।
हिंदी साहित्य में अन्य विमर्शों के साथ ही हालिया वर्षों में तृतीय लिंगी विमर्शों पर भी काम हुआ है। जिसमें चित्रा मुद्गल का महत्वपूर्ण स्थान है उन्होंने अपने उपन्यास ‘पोस्ट बॉक्स न. 203’ में किन्नरों के जीवन की त्रासदी, संघर्ष और सम्मानजनक अस्तित्व की चाह को बड़ी मार्मिकता से उजागर किया है। यह उपन्यास पाठकों को सोचने पर विवश करता है कि आखिर समाज कब तक किन्नरों को स्वीकार्य नहीं करेगा ?
शोध का उद्देश्य
हिंदी साहित्य में तृतीयपंथी (किन्नर) समुदाय की सामाजिक, मानसिक, आर्थिक और सांस्कृतिक स्थिति का विश्लेषण करना।
समकालीन हिंदी उपन्यासों (विशेषतः चित्रा मुद्गल के 'पोस्ट बॉक्स नं. 203 नालासोपारा') के माध्यम से किन्नर समुदाय के जीवन संघर्ष, अस्मिता और सम्मान की खोज को उजागर करना।
हिंदी साहित्य में किन्नर विमर्श की प्रस्तुत शैली, संवेदना और भाषा के माध्यम से पाठकों पर पड़ने वाले प्रभाव का अध्ययन करना।
भारतीय समाज की लैंगिक असमानताओं और पूर्वग्रहों के साहित्यिक प्रतिबिंब का विवेचन करना।
हाशिए पर खड़े समुदायों को केंद्र में लाने के साहित्यिक प्रयासों की प्रासंगिकता और प्रभावशीलता को समझना।
किन्नर समुदाय की स्वीकृति, गरिमा और पुनर्स्थापन की दिशा में साहित्यिक हस्तक्षेप की भूमिका का मूल्यांकन करना।
शोध प्रविधि: इस शोध में गुणात्मक विश्लेषण पद्धति का प्रयोग किया गया है। शोध के अंतर्गत प्रमुख रूप से चित्रा मुद्गल के उपन्यास ‘पोस्ट बॉक्स नं. 203 नालासोपारा’ का विषय-केन्द्रित एवं विमर्शात्मक अध्ययन किया गया है। इसके साथ ही तृतीयपंथी समुदाय से संबंधित सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संदर्भों को समाजशास्त्रीय दृष्टिकोण से विश्लेषित किया गया है। माध्यमिक स्रोतों का सहारा लेकर विषय की व्यापकता को समझने का प्रयास किया गया है।
Download
Pages:1-3
How to cite this article:
चित्रा मुद्गल, वंदना रमेश गुप्ता "सम्मान और पहचान की तलाश: पोस्ट बॉक्स नं. 203 नाला सोपारा ". International Journal of Research in Hindi, Vol 8, Issue 3, 2026, Pages 1-3
Download Author Certificate
Please enter the email address corresponding to this article submission to download your certificate.

